Monday, 25 January 2016

2022 तक प्रदेश में कोई आवासहीन नही होगा - मुख्यमंत्री चौहान



@ SehoreExpress  app

NEWS BY बसंत दासवानी/बल्लू दासवानी
सीहोर मध्यप्रदेश की NEWS 25 January2016
गणतन्त्र दिवस पर प्रभारी मंत्री करेंगे ध्वजारोहण
स्कूली बच्चों द्वारा पीटी का प्रदर्शन होगा
विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत होंगे
विभिन्न विभागों की झांकियां प्रदर्शित होगी
सीहोर। जिला मुख्यालय पर 26 जनवरी,16 को आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं पुनर्वास मंत्री एवं सीहोर जिला प्रभारी मंत्री श्री रामपालसिंह रहेंगे। गणतंत्र दिवस पर सीहोर जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउन्ड पुलिस लाइन मण्डी पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला प्रभारी मंत्री श्री रामपालसिंह ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा पीटी का प्रदर्शन किया जाएगा तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जांएगे। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जांएगी। गणतन्त्र दिवस के उपलक्ष में सभी शासकीय भवनों पर 26 जनवरी को सायंकाल रोशनी की जाएगी।
कल विशेष भोज का आयोजन
प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में पचामा में सब्जी पूरी हलुआ और लड्डू का वितरण होगा
जिले की समस्त शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर मध्यान्ह भोजन के अंतर्गत विशेष भोज कराया जाएगा। विशेष भोज में सब्जी-पूरी-खीर अथवा सब्जी-पूरी-हलुआ तथा इसके साथ ही लड्डू का वितरण किया जाएगा।  गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि भी विशेष भोज के इस कार्यक्रम में ग्राम पचामा में शामिल होंगे।
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी शुष्क दिवस घोषित
कल बंद रहेगी देशी विदेशी मदिरा की दुकान
सीहोर \मध्यप्रदेश राजपत्र (असाधारण) वाणिज्यिक कर विभाग राज्य शासन द्वारा 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को शुष्क दिवस घोषित किया गया है। 26 जनवरी  गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले की समस्त देशी विदेशी मदिरा दुकानों को बंद रखा जाना एवं जिले में मदिरा का क्रय, विक्रय एवं परिवहन पूर्णतः बंद रखे जाने का आदेश जारी किया जा चुका है ।
2022 तक प्रदेश में कोई आवासहीन नही होगा - मुख्यमंत्री चौहान
फरवरी से गांव गांव में होगी किसान सभा
जावर में 2.26 करोड़ के 30 बेड के स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया
सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन के पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतें प्राप्त हो रही है
इस पर प्रभारी मंत्री को निगरानी रखने तथा भ्रष्ट लोगों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज जावर में आयोजित अंत्योदय मेले में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में 2022 तक सभी स्वयं के आवास में निवास करें इस दिशा में गंभीर प्रयास शासन द्वारा किए जा रहे है। उन्होंने 21 जनवरी को जावर में ही आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल जोडों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की जनता ही मेरी भगवान है और मेरे तो प्राण ही जनता है जनता से दूर रहकर मैं जी नहीं सकता।  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि फसल बीमा योजना को हर किसान तक पहुंचाने के लिए फरवरी माह में प्रभारी मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा शासकीय सेवको द्वारा गांव गांव में किसान सभा का आयोजन कर व्यापक जागरूकता लाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष से किसान खाद, बीज के लिए जितना ऋण लेगा उससे दस प्रतिशत कम ही वापस लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के एक एक खेत में सिंचाई की व्यवस्था हो इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए ईमानदारी से प्रयास जारी है। उन्होंने आष्टा क्षेत्र के व्यापक सर्वे कर माईक्रो प्लान बनाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नर्मदा - क्षिप्रा लिंक योजना पूर्ण हो चुकी है इसी तरह नर्मदा गंभीर, नर्मदा कालीसिंध तथा नर्मदा पार्वती नदियों को भी शीध्र जोड़ा जाएगा। उन्होंने नेवज नदी सहित क्षेत्र की अन्य नदियों पर भी बैराज एवं स्टापडेम निर्माण की संभावनाओं हेतु व्यापक सर्वे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सर्वे आमजन के साथ होगा और तीन माह बाद बैठक आयोजित कर मैं स्वयं समीक्षा करूंगा।  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के 44 लाख किसानों को प्राकृतिक आपदा की धडी में 46 सौ करोड की राशि राहत के रूप में दी गई। उन्होंने बताया कि प्रदेश में तीन लाख युवाओं को युवा उद्यमी, युवा स्वरोजगार, मुद्रा योजना से लाभांवित किया गया है। प्रदेश में 36 लाख हैक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साढे पांच करोड लोगों को सस्ता राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। शासकीय अस्पतालों में मुफ्त दवाएं तथा डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। शीध्र ही कीमियो थेरेपी की व्यवस्था भी की जाएगी।  मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत जिले का बुधनी विकासखंड खुले में शौच से मुक्त हुआ है लेकिन इस कडी को आगे बढते हुए पूरे जिले को खुले में शौच से मुक्ति दिलानी है । जिले की 98 ग्राम पंचायतें इस वर्ष ओडीएफ हुई है आष्टा में 7 ग्राम पंचायतों ने खुले में शौच से मुक्ति पाई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत भीलखेडी सडक, मानाखेडी, हरनावदा, हरनियागांव, लासूडियाखास, अरोलिया आष्टा, भंवरीकला के सरपंच सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक को कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र दिए।  मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री को कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन के पट्टा आवंटन में भ्रष्टाचार की शिकायतें प्राप्त हो रही है आप स्वयं निगरानी रखें तथा भ्रष्ट लोगों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता, बेटी बचाओ आदि का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम को प्रदेश के राजस्व एवं पुनर्वास तथा जिले के प्रभारी मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह एवं विधायक आष्टा श्री रंजीतसिंह गुणवान ने भी संबोधित किया।  मुख्यमंत्री ने जावर में 2.26 करोड की लागत से नवनिर्मित तीस बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया तथा 46 दिव्यांगों को ट्राईसिकल वितरित की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आष्टा विकासखंड के 97 हजार 978 हितग्राहियों को 4733.51 लाख रूपये की राशि की विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभांवित किया। उन्होंने 1095 लाख रूपये की राशि के 36 कार्यों का लोकार्पण तथा 1566.30 लाख के 29 कार्यों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा रोजगार मेला भी आयोजित किया गया था। जिला रोजगार अधिकारी श्री विजेन्द्र बिजोलिया ने बताया कि रोजगार मेले में 9 कंपनियों में 4 सौ 45 रजिस्ट्रेशन हुए तथा 280 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला मरेठा, अध्यक्ष म.प्र.पा.पु.नि. श्री रायसिंह सेंधव, विधायक सीहोर श्री सुदेश राय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री रधुनाथ सिंह भाटी, जनपद अध्यक्ष आष्टा श्री धारासिंह पटेल, नगर परिषद अध्यक्ष श्री शैलेष वैद्य, श्री रवि मालवीय, श्री ललित नागौरी, श्री रधुनाथ सिंह मालवीय, श्री देवीसिंह परमार, श्री बाबूलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे, एसपी श्री मनीष कपूरिया, सीईओ जिला पंचायत डॉ. आर.आर.भोंसले सहित अन्य शासकीय सेवक और हजारों की संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के स्वागत में पूरे शहर में जगह जगह स्वागत द्वार लगाए गए थे। लोग भावविभोर थे उन्होंने बड़ी आत्मीयता से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार की टक्कर से महिला की मौत
सीहोर। तेज रफ्तार से जा रही कार की टक्कर से राहगीर विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला कायम करते जांच कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार भोपाल इन्दौर हाइवे पर सोंडा जोड़ के निकट तेज रफ्तार से जा रही कार ने सड़क पार कर रही ग्राम सोंडा निवासी 30 वर्षीय कला बाई पत्नी रामेश्वर को टक्कर मार दी गंभीर अवस्था में कला बाई को जिला अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित कर दिया पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
आष्टा पुलिस ने की जुआरियों की धरपकड़
4 लोगों से 40 हजार से अधिक की बरामदगी
सीहोर। आष्टा पुलिस द्वारा बीती रात जुआरियों की धरपकड़ करते हुए चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालीस हजार रूपए से अधिक की बरामदगी की है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कल रात आष्टा में जुआ खेल रहे मंूदी खेड़ी निवासी प्रकाश गेहलोत और जुम्मापुरा मजिस्द के पास रहने वाले रईस को गिरफ्तार करते हुए चालीस हजार रूपए और किला आष्टा निवासी अन्नू अली और तराना निवासी पप्पू मेवाती को गिरफ्तार कर उनके पास से पाँच सौ रूपए बरामद किए।
आष्टा में बोहरा समाज का जुलूस कल
सीहोर। मंगलवार को आष्टा में दाउदी बोहरा समाज द्वारा जुलूस निकाला जाएगा। सैयदना साहब मिलाद मुबारक का जुलूस मंगलवार की शाम 4 बजे निकाला जाएगा।
पूर्व विधायक रमेश सक्सेना के आवास पर होगा ध्वजारोहण
सीहोर। पूर्व विधायक रमेश सक्सेना के आवास पर कल सुबह 8 बजे ध्वजारोहण होगा सभी कार्यकर्ताओं से उपस्थित रहने की अपील की गई है।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह पूर्वक आयोजित
नए मतदाताओं को परिचय पत्र का वितरण
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए
प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली
सीहोर। जिला मुख्यालय पर शासकीय चन्द्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीहोर के सभागृह में आज  राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर आयोजित समारोह में नवीन पंजीकृत मतदाताओं का मुख्य अतिथि उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राज कुमार खत्री द्वारा नव मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता परिचय पत्र प्रदान किए गए । समारोह में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष में आयोजित वाद विवाद, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मतदाता परिचय पत्र के कार्य एवं विधानसभा निर्वाचन में स्वीप प्लान के तहत श्रेष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सास्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। शपथ दिलाई नेशनल वोटर्स डे के अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा सभी मतदाताओं को शपथ ग्रहण कराई गई। मतदाताओं ने लोकतान्त्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखने, स्वतन्त्र निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग जाति, समुदाय, भाषा तथा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।  आयोग की सराहनीय पहल समारोह को संबोधित करते हुए श्री खत्री ने कहा कि नेशनल वोटर डे मनाए जाने के पीछे भारत निर्वाचन आयोग का मकसद देश मेंं मजबूत लोकतंत्र के लिए सबकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर बधाई भी दी। इस मौके पर प्राचार्य श्री व्ही.के.शुक्ल, पेशन अधिकारी श्री पारस उइके सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नव मतदाता उपस्थित थे।
एनएसएस के छात्र पहली बार जिला स्तरीय परेड के हिस्सा बनेंगे
सीहोर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर एनएसएस के छात्र जिला स्तरीय परेड में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना की मेघा परमार ने बताया कि कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे की अनुमति से प्रथम बार एनएसएस के छात्र-छात्राऐं गणतंत्र दिवस पर होने वाली जिला स्तरीय परेड में हिस्सा लेगें। जिससे एनएसएस के सभी छात्र-छात्राओं में सभी खुशी माहौल व्याप्त है, वहीं उन्होंने पीओदेवेन्द्र राय एवं मेघा परमार का भी आभार व्यक्त किया है, जिनके प्रयास से उन्हें परेड में हिस्सा लेने का मौका मिला है।
सीहोर ने उज्जैन को हराकर किया फाइनल में प्रवेश
कल होगा भोपाल और सीहोर के मध्य फाइनल मुकाबला
राज्य स्तरीय कृष्णा ट्राफी की खिताबी जंग कल
सीहोर। राज्य स्तरीय कृष्णा ट्राफी प्रतियोगिता में हरफनमौला क्रिकेटर सचिन कीर के दोहरे प्रदर्शन की बदौलत एक तरफा सेमीफाइनल मुकाबले में बीएसआई क्रिकेट टीम सीहोर ने उज्जैन कोल्ड क्रिकेट टीम को 21 रन से हराकर प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा।  शहर के बीएसआई क्रिकेट मैदान पर खेली जा रही राज्य स्तरीय कृष्णा ट्राफी में मंगलवार को बीएसआई क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 124 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें सचिन कीर ने 43 रन, मदन कुशवाहा ने 37 रन और वीरु वर्मा ने 13 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन कोल्ड टीम मात्र 103 रन पर ढेर हो गई। बीएसआई क्रिकेट टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए आशीष मेवाड़ा ने 3 विकेट, वीरु वर्मा ने 2 विकेट और सचिन कीर ने 1 विकेट प्राप्त किया। डीसीए के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि मंगलवार को भोपाल की एनसीसीसी और बीएसआई क्रिकेट टीम सीहोर के मध्य खेला जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रमेश सक्सेना और कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक मनीष कपूरिया, प्रमोद पटेल, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अतुल तिवारी, रमाकांत समाधिया, नीरज चौरसिया, मनोज दीक्षित मामा, अमित कटारिया, संजय खंडेलवाल, इरफान हुसैन आदि करेंगे।
26 जनवरी को धूमधाम से मनाया जायेगा अमर शहीद बाबा दीपसिंह का प्रकाशोत्सव
सीहोर। स्थानीय सिख समाज के द्वारा 26 जनवरी मंगलवार को गुरुद्वारा साहिब में अमर शहीद बाबा दीपसिंह जी का प्रकाशोत्सव उत्साह पूर्वक धूमधाम से मनाया जायेगा। सिख समाज के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह अरेारा मिन्दी ने बताया कि इस शुभ दिवस के उपलक्ष्य में 24 जनवरी से आरंभ हुए श्री अखण्ड पाठ की समाप्ति मंगलवार प्रात: 9 बजे होगी, तदोपरांत सुबह 10:30 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार सजाया जायेगा, जिसमें गुरुद्वारे के ग्रंथी भाई हरविन्दर सिंह के द्वारा दीपसिंह जी के जीवन पर आधारित कथा कीर्तन कर संगत को निहाल किया जायेगा। अध्यक्ष महेन्द्र सिंह अरेारा मिन्दी, उपाध्यक्ष गुरमीत ङ्क्षसह दुआ, सेकेट्री राजेन्द्र सिंह लांबा, खजांची हरभजन सिंह उप्पल, गुरमीत सिंह सलूजा आदि प्रबन्धक कमेटी ने सामाजिक बन्धुओं से प्रकाशोत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में समय से शामिल होने की अपील की है।
नगर पालिका अध्यक्ष अमीता जसपाल सिंह अरोरा ने की प्रेसीडेंट इन कौन्सिल समिति सदस्यों की नियुक्ति
अर्जुन राठौर जल, मांगीलाल मालवीय लोकनिर्माण, मनोज गुजराती राजस्व, वित्त, कमलेश राठौर स्वच्छता, विजेन्द्र परमार यातायात, श्रीमती संध्या जैन शहरी विभाग के सदस्य होंगे
सीहोर। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अमीता जसपालसिंह अरेारा ने आज प्रेसीडेंट इन कॉउन्सिल के सात सदस्यीय समिति के सदस्यों की नियुक्ति की। मुख्य नगर अधिकारी श्री अमर सत्य गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अमीता जसपाल अरोरा ने मप्र नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 70 के अन्तर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रेसिडेंट इन काउंसिल में नियुक्त सदस्यों की समिति के लिये निम्नानुसार समिति सदस्यों की नियुक्ति की है। जिनमें पार्षद आकाश रोहित को सामान्य प्रशासन समिति के लिये नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में जल कार्य तथा सीवेज विभाग के दायित्व हेतु अर्जुन राठौर पार्षद को नियुक्त किया गया है। लोकनिर्माण, उद्यान, विद्युत एवं यांत्रिकीय विभाग के लिये मांगीलाल मालवीय पार्षद को नियुक्त किया गया है। राजस्व, वित्त एवं लेखा विभाग के सदस्य के रुप में पार्षद श्री मनोज गुजराती को नियुक्त किया गया है। श्री गुप्ता ने बताया कि स्वच्छता एवं ठोस एवं अवशिष्ट प्रबंधन विभाग के सदस्य के रुप में पार्षद कमलेश राठौर को नियुक्त किया गया है। साथ ही योजना, यातायात, परिवहन एवं सूचना प्राद्योगिकीय विभाग के सदस्य के रुप में पार्षद विजेन्द्र परमार को नियुक्त किया गया है। इसी क्रम में शहरी गरीबी उपशमन विभाग के सदस्य के रुप में पार्षद श्रीमती संध्या जैन को नियुक्त किया गया है। इस प्रकार सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
सायबर क्राइम के प्रति बालिकाओं को किया जागरूक
सीहोर। जिला महिला सशक्तिकरण सीहोर द्वारा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या महाविद्यालय सीहोर में सायबर क्राइम के प्रति बालिकाओं को जागरूक करने के लिये कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सायबर क्राइम के विशेष सायबर सेल के श्री शैलेन्द्र सिंह तोमर, श्री सुशील साल्वे, श्री शैलेन्द्र सिंह राजपूत द्वारा बालिकाओं को सायबर क्राइम के प्रति जागरूक किया गया साथ सोशल साइट्स को सतर्कता पूर्वक उपयोग करने के प्रति महत्वपूर्ण टिप्स दिये गये। कार्यशाला में महिला सशक्तिकरण विभाग से बाल संरक्षण अधिकारी श्री अमित दुबे एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शशि राठौर एवं विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरिता राठौर, बाल कल्याण समिति जिला सीहोर के अध्यक्ष श्री बृजेश चौहान एवं सदस्य श्रीमती चंदा बोहरा ने भी छात्राओं को इस संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक गण एवं छात्राएं उपस्थित रही। मेधावी छात्राओं का सम्मान भी अतिथि गणों द्वारा किया गया।
विधायक सुदेश राय की पहल पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से जुडेगें अनेक ग्राम
 2867.79 लाख की लागत से 19 नई सड़के बनेगी,
सीहोर। विधायक सुदेश राय की पहल पर क्ष़ेत्र के अनेक ग्राम 2867.79 लाख की लागत से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से माध्यम से 19 नई सड़के बनेगी जिससे सड़क मार्ग से जुडेंगे और ग्रामीणों की अब आने जाने में काफी हद तक आसानी होगी। विधायक श्री सुदेश राय विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणअंचलो का लगातार भ्रमण करते है इस दौरान जो भी समस्या सामने आती है उनका निराकरण तत्काल सुनिश्चित किया जाता है क्षेत्र में लोगों द्वारा विकास कार्यो को लेकर जो मांगे उठाई जाती है उनका भी शीघ्र निराकरण किया जा रहा है। मीडिया प्रभारी महेन्द्र मनकी ठाकुर ने बताया की क्ष़ेत्र में नवीन सड़क निर्माण कार्यो को विधायक श्री सुदेश राय के विशेष प्रयासों से स्वीकृति मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अन्तर्गत आगामी चरण में प्रस्तावित मार्गो में 265.03 लाख की लाख की लागत से टी015एन.एच.86 से डेडी तक, 76.70 लाख की लागत से चरनाल रोड से भोजाखेड़ी,168.79लाख की लागत से टी0 8 से तोरनिया,138.03 लाख की लागत से टी0 11 से भैसाखेडी,200.22 लाख की लागत से चरनाल से वदरकासानी,250.68 लाख की लागत से एन.एच.12 हिगोनी से वरनावद,365.41 लाख की लागत से बरखेड़ाहसन से उमरझीर,67.29 लाख की लागत से टी0 8 से डोबरा,37.57 लाख की लागत से टी09 से चैडी, 242.40 लाख की लागत से टी04 से दौलतपुरा,142.36 लाख की लागत से टी05 से मंडखेड़ा,90.12 लाख की लागत से सेमलीखुर्द से राजूखेड़ी,229.46 लाख की लागत से सीहोर श्यामपुर रोड से टी018 से कपूरी,53.70 लाख की लागत से टी07 से वर्री,93.91 लाख की लागत से खजूरियाकला से करंजखेड़ा,167.67 लाख की लागत से चरनालरोड से टी01 से मरहटी,108.87 लाख की लागत से टी019 से लोंदिया,92.14 लाख की लागत से एन0एच086 से खोकरी एवं 77.44 लाख की लागत से चरनाल रोड से गोपालपुरा शामिल है
संकल्प नशा मुक्ति एवं वृद्व आश्रम में मनेगा गणतंत्र दिवस
सीहोर। सैकड़ा खेड़ी पर स्थित संकल्प नशामुक्ति एवं वृद्व आश्रम में भी गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्य अतिथि वीएस गौतम संचालक अन्तर राष्ट्रीय दलहन अनुसंधान केन्द्र अमलाह द्वारा प्रात: 8:30 बजे ध्वजा रोहण किया जायेगा एवं विशेष अतिथि के रूप में संस्था के आधार स्तंभ वीरेन्द्र पाल सिंह जादौन, वी के चतुर्वेदी, हिउस के अध्यक्ष शंकर प्रजापति की उपस्थिति में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया जायेगा।

0 comments:

Post a Comment