Thursday, 21 January 2016

@ SehoreExpress  app

NEWS BY बसंत दासवानी/बल्लू दासवानी
सीहोर मध्यप्रदेश की NEWS 21 January2016
मुख्यमंत्री श्री चौहान रतलाम में फहरायेंगे ध्वज
प्रभारी मंत्री श्री रामपाल सिंह सीहोर में फहरायेंगे ध्वज
25 जिलों में जिला कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा
गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जिला रतलाम के मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा होशंगाबाद और उपाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह सतना जिला मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे मंत्री श्री बाबूलाल गौर रायसेन, श्री जयंत मलैया दमोह, श्री गोपाल भार्गव जबलपुर, डॉ. गौरीशंकर शेजवार विदिशा, श्री उमाशंकर गुप्ता इंदौर, श्री सरताज सिहं बैतूल, डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया, श्री कुंवर विजय शाह खण्डवा, श्री गौरीशंकर बिसेन सिवनी, सुश्री कुसुम महदेले पन्ना, श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ग्वालियर, श्री पारसचंद्र जैन उज्जैन, श्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा, श्री अन्तर सिंह आर्य अलीराजपुर, श्री रामपाल सिंह सीहोर, श्री ज्ञानसिंह शहडोल, श्रीमती माया सिंह भिण्ड और श्री भूपेन्द्र सिंह ठाकुर सागर में ध्वजारोहण करेंगे। राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी देवास, श्री लालसिंह आर्य मुरैना, श्री शरद जैन मण्डला और श्री सुरेन्द्र पटवा नीमच में राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे। इसके अलावा 25 जिलों में जिला कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। इनमें अशोकनगर, गुना, कटनी, अनूपपुर, शिवपुरी, छिन्दवाड़ा, श्योपुर, शाजापुर, बड़वानी, आगर-मालवा, डिण्डोरी, झाबुआ, धार, उमरिया, राजगढ़, खरगोन, टीकमगढ़, मंदसौर, बुरहानपुर, छतरपुर, बालाघाट, हरदा, सिंगरौली, सीधी और नरसिंहपुर शामिल हैं।
दूसरे दिन भी जारी विशाखापट्टनम पुलिस की कार्रवाई
सराफा व्यापारी हुए नाराज
सीहोर। तहसील मुख्यालय आष्टा में दूसरे दिन भी विशाखापट्टनम पुलिस की कार्रवाई जारी रही जिससे सराफा व्यापारी नाराज हो गए और उन्होंने कुछ देर के लिए कारोबार भी बंद कर दिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार चोरी के आरोप में विशाखापट्टनम पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई महिला की निशानदेही पर आष्टा के दो सराफा व्यापारियों को बुधवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था पूछताछ का क्रम गुरुवार को भी जारी रहा, बताया जाता है कि इन दोनों व्यापारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा दो अन्य व्यापारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया जिससे सराफा व्यापारी नाराज हो गए और उनके द्वारा दुकानें बंद कर दी गई, व्यापारियों का कहना था कि जिनसे पूछताछ की जा रही है वो द्वेषता पूर्वक नाम बता रहे है जिस पर विशाखापट्टनम पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि हम माल बरामद करने की दिशा में काम कर रहे है हम किसी को फंसाना नहीं चाहते जांच में आप सहयोग करें। जिस पर व्यापारियों द्वारा अपना कारोबार प्रारंभ किया गया।
100 नम्बर डायल किया तो कर दी पिटाई
सीहोर। दो लोगों ने एक ग्रामीण की इस बात पर पिटाई कर दी कि उसके द्वारा 100 नम्बर डायल कर दिया गया था, पुलिस से मिली जानकारी अनुसार ग्राम खड़ी हाट निवासी मनीष खाती और घनश्याम तिवारी द्वारा खड़ी हाट निवासी बाबू लाल खाती के साथ मारपीट कर दी गई क्योकि बाबू लाल खाती द्वारा 100 नम्बर डायल कर शराब पीने की सूचना दे दी थी। पुलिस ने मामला कायम लिया है। 
प्लाट के विवाद पर गोली चलाने वाले को 5 वर्ष की सजा और ढाई हजार का अर्थदंड
सीहोर। गुरूवार को द्वितीय अपर सत्र न्याधीश श्री आरबी कुमार ने गोली चलाने वाले आरोपी को पांच साल की सजा और दो हजार रूपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अभियोजन की ओर से पैरवी रेखा चौरसिया द्वारा की गई अभियोजन के अनुसार जोगी मोहल्ला में एक प्लाट विवाद को लेकर  विष्णुप्रसाद ने निवासी गंज ने 22 अप्रैल 2014 को राजू उर्फ बिल्लू को बंदूक से गोली मार दी थी। राजू उर्फ बिल्लू जोगी का कहना था कि यह प्लाट मेरा ओर विष्णु प्रसाद का कहना है कि यह प्लाट मेरा है इसी बात पर से विवाद हुआ और अभियुक्त विष्णु प्रसाद ने भरमार बंदूक से राजू को गोली मार दी जिससे उसके चेहरे पर कई चोंटे आई ओर जान से मारने के इरादे से गोली चलाई जिसमें अभियोजन की ओर से शासकीय अधिवक्ता रेखा चौरसिया ने पैरवी की। जिसमें द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश रितुराज बसंत कुमार ने अभियुक्त विष्णु प्रसाद को धारा 307 में पांच वर्ष और दो हजार का जुर्माना धारा 30 शस्त्र अधिनियम 1959 में 3 माह 500 रूपए के अर्थदंड से दंडित कर सजा सुनाई।
अब टाउन हाल के पास स्थापित होगी भारत माता की भव्य प्रतिमा,  महिला और बच्चों के लिये बनेगी चौपाटी
नगर पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण, काम रोकने के दिये निर्देश
सीहोर। करोड़ो रुपये के कामों को लेकर चर्चा में बने हुए रविन्द्र सांस्कृतिक भवन का नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति अमीता अरोरा व सांसद प्रतिनिधि श्री जसपाल अरोरा ने अचानक निरीक्षण किया। टाउन हॉल के आसपास की जमीन का पूरा उपयोग करते हुए यहॉ नये सिरे से ड्राइंग बनवाकर भोपाल डिपो मार्ग के भारत माता चौराहे की तर्ज पर भारत माता की प्रतिमा लगवाने की बात कही तथा तब तक के लिये निर्माण कार्य रोक देने की बात कही। श्रीमति अरोरा ने निर्देश दिये कि यहॉ सिर्फ महिलाओं और बच्चों के लिये चौपाटी बनवाई जाये। नगर के सांस्कृतिक आयोजनों के लिये अपनी पहचान रखने वाले रविन्द्र सांस्कृतिक भवन टाउनहॉल में चल रहे सवा करोड़  रुपये के निर्माण कार्य की समीक्षा करने श्रीमति अमीता जसपाल अरोरा पहुॅची । यहॉ उपस्थित ठेकेदार से जब यह पूछा गया कि निर्माण कार्य कब तक पूरा हो जायेगा तो वो जबाव नहीं दे सका।  नये डिजाईन आने तक निर्माण रोको अब तक हुए निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए श्रीमति अमीता अरोरा ने प्रारुप से असंतुष्टता जाहिर की।  उन्होंने स्थान के महत्व की बात करते हुए कहा कि यहॉ तो बड़ा पार्क या चौपाटी बन सकती है । इसलिये भोपाल के डिपो मार्ग पर बने भारत माता चौराहे की तर्ज पर भारत माता के स्टेच्यू की ड्राइंग बनवाने के निर्दश दिये। साथ ही एक विकसित चौपाटी पार्क की ड्राइंग बनाने को कहा है जिसमें सिर्फ महिलाओं और बच्चों को ही प्रवेश दिया जायेगा । उन्होने कहा कि तब तक निर्माण कार्य रोक दिया जाये। टाउन हाल की चद्दर हमेशा से टाउन हाल की छत की चद्दरें टपकती रहती हैं। इसका ध्यान जब कुछ पार्षदों ने श्रीमती अरोरा को दिलाया तो उन्होने भी तत्काल इसके संबंध में पूछा और स्पष्ट कहा कि ऐसा प्रयास होना चाहिये अब स्थायी काम हो। ऐसी चद्दरे लगाई जायें तो वर्षों तक चलें। पानी नहीं टपके। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री अमरसत्य गुप्ता तथा अनेक वार्ड पार्षद उपस्थित थे।
आष्टा के रशीद ने पेश किया उदाहरण
स्वेच्छा से हटवाया, गरीबी रेखा से नाम
सीहारे। इन दिनों पूरे जिले में जहां साधन सम्पन्न लोगों को गरीब रेखा के नीचे जीवन यापन करने का बीपीएल कार्ड बनवाने और उस कार्ड की सुविधाओं का लाभ लेने की होड़ मची हुई है ऐसे में आष्टा के रशीद खां ने अपना नाम स्वेच्छा से गरीबी रेखा से हटाकर समाज के लोगों के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्राप्त जानकारी अनुसार आष्टा के  वार्ड क्र. 03 अंतर्गत शेखपुरा अलीपुर निवासी रशीद खां आ. एहमद खां ने आवेदन देकर अपना नाम गरीबी रेखा की सूची से हटवाकर एक आदर्श प्रस्तुत किया है। रशीद खां का नाम पहले गरीबी रेखा की सूची में दर्ज था। बदली आर्थिक परिस्थितियों के बाद उन्होंने स्वेच्छा से अपना नाम गरीबी रेखा की सूची से निरस्त करवाया है। उनके द्वारा पेश की गई इस मिसाल की सर्वत्र सराहना की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नगर में कई परिवार अभी भी अत्यधिक गरीब होने के चलते शासन की योजनाओं का लाभ नही उठा पा रहे है। गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालो की संख्या निश्चित होने के कारण कई गरीब परिवार इस सूची में अपना नाम जुडा पाने से वंचित हो रहे है वहीं कई सक्षम व्यक्तियों के नाम भी गरीबी रेखा में जुडे होने से वास्तविक गरीबो के अधिकारों का हनन हो रहा है। नपाध्यक्ष कैलाश परमार ने रशीद खां द्वारा गरीबी रेखा से अपना नाम हटवाने की पहल की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की है कि जो लोग साधन सम्पन्न है वो अपना नाम गरीबी रेखा की सूची से हटवाकर वास्तविक गरीबों की मदद करें।
जावर मे आयोजित हुआ मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह समारोह
53 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में 3 जोड़ो का हुआ निकाह
सीहोर। विकास खण्ड आष्टा की कृषि उपज मण्डी जावर में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत क्षेत्र के 53 जोड़ो का विवाह एवं 3 जोड़ों का निकाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री कन्यादान एवं निकाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक रंजीत सिंह गुणवान, अध्यक्ष जनपद पंचायत आष्टा श्री धारासिंह पटेल, अध्यक्ष कृषि मण्डी जावर श्रीमति बविता जयसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डा. आर.आर. भोसले (आई.ए.एस.), अनुविभागीय अधिकारी राजस्व    श्री अभिषेक गहलोत, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लोकेश कुमार (आई.ए.एस.), श्री संजय अग्रवाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियो तथा क्षेत्रवासियो ने विवाह/निकाह कार्यक्रम मे उपस्थित होकर नवदम्पत्तियो को आर्शीवाद दिया।
अभिनव शब्द शिल्पी अलंकरण मिलेगा पंकज सुबीर को
गृह मंत्री भोपाल में शब्द शिल्पी अलंकरण प्रदान करेंगे
पंकज सुबीर के नए उपन्यास अकाल में उत्सव का विमोचन
सीहोर। अभिनव कला परिषद द्वारा प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कला पर्व उत्सव गणतंत्र में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों को साहित्य की विभिन्न विधाओं में अभिनव शब्द शिल्पी अलंकरण से अलंकृत किया जाता है। इस वर्ष देश के जिन सात साहित्यकारों को यह अलंकरण प्रदान किया जा रहा है उनमें कहानी विधा में सीहोर के लेखक पंकज सुबीर हैं। शुक्रवार 22 जनवरी को शाम 6:30 बजे भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदेश के गृहमंत्री श्री बाबूलाल गौर पंकज सुबीर को यह अलंकरण प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में संस्कृति मंत्री श्री सुरेंद्र पटवा, भोपाल सांसद श्री आलोक संजर, भोपाल महापौर श्री आलोक शर्मा, भास्कर समूह के चेयरमेन श्री रमेशचंद्र अग्रवाल तथा वरिष्ठ साहित्यकार श्री कैलाश चंद्र पंत भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। अपनी कहानियों तथा उपन्यास को लेकर चर्चित पंकज सुबीर के किसानों की आत्महत्या पर केंद्रित नए उपन्यास अकाल में उत्सव का पिछले दिनों दिल्ली में संपन्न हुए विश्व पुस्तक मेले में विमोचन हुआ है और यह उपन्यास पाठकों द्वारा बहुत सराहा जा रहा है।
आपदा प्रबंधन संबंधी कार्यशाला अब 25 को
सीहोर । राष्ट्रीय आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2005 के तहत जिला आपदा प्रबन्धन प्लान बनाये जाने हेतु 25जनवरी 2016 को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी। इस सिलसिले में कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे द्वारा समस्त संबंधित अधिकारियों को कार्यशाला में उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया गया है। पूर्व में यह कार्यशाला 19 जनवरी को आयोजित की जानी थी किन्तु अपरिहार्य कारण वश स्थगित हो गई थी।
मसूर की उन्नत किस्मों की खोज एवं अपनाने संबंधी कार्यशाला 23 को
सीहोर। पी.आर.ओ. / वरिष्ठ वैज्ञानिक आरएके कृषि महाविद्यालय सीहोर ने बताया कि उष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों हेतु अंतर्राष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान आरएके कृषि महाविद्यालय सीहोर में मसूर की उन्नत किस्मों की खोज एवं अपनाने की एक दिवसीय कार्यशाला 23 जनवरी,16 को आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में अन्तर्राष्टीय, राष्ट्रीय तथा प्रदेश की संस्थाओं के मसूर के वैज्ञानिक किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम, म.प्र.बीज प्रमाणीकरण, कृषि विज्ञान केन्द्र तथा किसानों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यशाला के आयोजक डॉ. आर.पी.सिंह के अनुसार कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश में मसूर की उन्नत किस्मों का प्रचार प्रसार कराकर मसूर के अधिकाधिक उत्पादन पर प्रयास कर सकें।
विदेश मंत्री भारत सरकार श्रीमती सुषमा स्वराज की उपस्थिति में
जिले की विभागीय उपलब्धियों विकास के बढते कदम का प्रजेन्टेशन होगा
सीहोर। जिला पंचायत सीहोर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि 2 फरवरी,16 को विदेश मंत्री भारत सरकार श्रीमती सुषमा स्वराज की अध्यक्षता में जिला सतर्कता एवं मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई है जिसमें जिले की विभागीय उपलब्धियों विकास के बढते कदम का प्रजेन्टेशन किया जाना है। इस सिलसिले में जिले के समस्त कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि यदि प्रजेन्टेशन में कोई संशोधन किया जाना हो या इसके अतिरिक्त विभाग की कोई अन्य गतिविधियों को सम्मिलित किया जाना हो तो उसका विवरण, फोटोग्राफ्स, हार्ड कापी एवं साफ्ट कापी 22 जनवरी,16 तक एनआईसी कलेक्ट्रेट शाखा में भिजवाना सुनिश्चित करें।
अनुसूचित जाति वर्ग के 8वीं उत्तीर्ण 240 बेरोजगार हितग्राहियों को प्रशिक्षण नि: शुल्क प्रशिक्षण
सीहोर। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति के कार्यपालन अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन प्रशिक्षण योजना नि:शुल्क प्रशिक्षण हेतु जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के 8वीं उत्तीर्ण 240 बेरोजगार हितग्राहियों को प्रशिक्षण हेतु विभिन्न व्यवसाय जैसे रेडीमेड गारमेंटस, प्लास्टिक प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रिशियन डामेस्टिक / कामर्शियल, इण्डस्ट्रियल / कंस्ट्रक्शन, कम्प्यूटर आपरेटर, आईटी हार्डवेयर टैक्निशियन, गार्मेट टेलरिंग, टीवी एवं डीटीएच टैक्निशियन, प्लम्बर, फिटर, मेसन, फेब्रिाकेशन, वेल्डर / आर्क / पाईप / गैस, पेंटर हाउस / इन्डस्ट्री, टैक्निशियन ट्रेक्टर, रैफ्रिजरेटर मैकेनिक, एसी प्लाण्ड मैकेनिक, मैकेनिक फोर व्हीलर, टू व्हीलर ऑटो इलेक्ट्रिशियन, ड्राइवर कम मैकेनिक, फैशन डिजाईनिंग, सिक्सुरिटी गार्ड, बीपीओ, रिटेल ट्रेड, खाद्य प्रसंस्करण आदि में आवेदकों से आवेदन पत्र आमंत्रित किये जाते है। इच्छुक आवेदक जिला अंत्यावसायी कार्यालय लुनिया चौराहा, महिला वस्ती ग्रह सीहोर में संपर्क करें।
विकासखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन
इस बार जावर में 25 जनवरी को लगेगा मेला
सीहोर। जिला रोजगार अधिकारी सीहोर ने बताया कि जिला प्रशासन के माध्यम से 25 जनवरी,16 को जावर विकासखंड के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है जिसमें सेल मेन्यूफैक्चरिंग कंपनी सीहोर, शिवशक्ति बॉयो प्लांटेक लिमि.भोपाल, वर्धमान फेब्रिाक्स बुदनी, सेनापति सेक्यूरिटी सर्विस सीहोर, एसबीआई लाइफ इंश्योरेन्स कं.सीहोर, आईएसएफ रीवा सेक्यूरिटी सर्विस, बायोकेयर प्राइवेट लिमि., प्रीमियर सील्ड कौशल विकास प्रशिक्षण संस्थान कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा बेरोजगार युवक / युवतियों के साक्षात्कार उपरांत चयन किया जाएगा। इच्छुक आवेदक विकासखंड जावर में प्रात: 10 बजे से अपनी समस्त मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार हेतु उपस्थित होंवे। भर्ती कंपनियों द्वारा अपनी शर्तो पर की जाएगी। साक्षात्कार के समय कंपनी के समस्त जानकारी स्वयं प्राप्त करें। इस हेतु आपको कोई मार्ग व्यय नहीं दिया जाएगा।
राज्य सेवा प्रारंभिक संबंधी बैठक हुई परीक्षा 24 जनवरी को
परीक्षा कक्ष में जूते मोजे पहनकर आना वर्जित परीक्षार्थी चप्पल व सेण्डल पहनकर आ सकते है
चेहरे को ढकने वाला स्कार्फ, रूमाल, दुपट्टे पर भी रहेगा प्रतिबंध
सीहोर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरूवार को राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा वर्ष 2015 के आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक एसडीएम श्री नरोत्तम भार्गव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री राज कुमार खत्री, जिला रोजगार अधिकारी श्री विजेन्द्र बिजौलिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि रविवार 24 जनवरी,2016 को प्रात: 10 से 12 बजे तक तथा दोपहर 2.15 से सायं 4.15 तक दो सत्रों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। उक्त परीक्षा के दौरान प्रथम चरण की गोपनीय सामग्री / प्रश्नपत्र जिला कोषालय से प्रात:8 बजे एवं द्वितीय चरण के पेपर एवं गोपनीय सामग्री दोपहर 1 बजे जिला कोषालय सीहोर से आवंटित की जाएगी। इस सिलसिले में कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे द्वारा आदेशित किया गया है कि उक्त सामग्री को केन्द्र तक पहुंचाने हेतु एवं परीक्षा समाप्त होने पर अपने समक्ष मुहरबंद कराकर केन्द्रों से सामग्री आवश्यक रूप से परीक्षा दिनांक को ही जिले के समस्त परीक्षा केन्द्रों में एकत्रित की जाए तथा संबंधित कोषालय में सुरक्षित रखी जाए।  दूसरे दिन संबंधित परीक्षा प्रभारी अधिकारी स्वयं अपने नेतृत्व में विशेष वाहक दल से उक्त समस्त सामग्री को कोषालय से प्राप्त कर एक चार के सशस्त्र बल के साथ बंद वाहन में अपनी अभिरक्षा में लोक सेवा आयोग इंदौर कार्यालय में लाकर जमा करेंगे। इस हेतु श्री राजकुमार खत्री संयुक्त कलेक्टर सीहोर म.प्र.लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक परीक्षा वर्ष 2015 के प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए है जिनकी निगरानी में प्रश्नपत्र / गोपनीय सामग्री संबंधी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केन्द्र राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा वर्ष 2015 सीहोर शहर में चार स्थानों पर आयोजित की गई है जिसके लिए प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त कर दिए गए है। जारी आदेशानुसार शा.कन्या स्ना.महाविद्यालय सीहोर एवं शासकीय महिला पोलेटैक्निक सीहोर के लिए श्री अनिल वैद्य जिला शिक्षा अधिकारी सीहोर को प्रशासनिक अधिकारी तथा श्री हरिशंकर निमजे ए.एस.डी. को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह शा.महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उ.मा.वि. सीहोर एवं बालक उत्कृष्ट उ.मा.वि. सीहोर के लिए श्री आर.आर.परमार रा.गॉ.शि.मिशन सीहोर को प्रशासनिक अधिकारी तथा श्री दिनेश तिवारी कम्प्यूटर आपरेटर को सहायक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस सिलसिले में आदेश जारी कर दिए गए हैं।  एसडीएम श्री भार्गव ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार परीक्षा में किसी इलेक्ट्रानिक डिवाइस के उपयोग को रोकने के लिए परीक्षा कक्ष में जूते मोजे पहनकर प्रवेश वर्जित होगा। परीक्षार्थी चप्पल व सेण्डल पहनकर आ सकते है। चेहरे को ढकने वाला स्कार्फ, रूमाल, दुपट्टा या अन्य प्रकार की कोई भी वस्तु वर्जित होगी। एसेसरीज जैसे हेयर क्लिप, क्लचर, घडी, हाथ में पहने जाने वाले किसी भी प्रकार के बैंड, कमर में पहने जाने वाले बेल्ट धूप में पहने जाने वाले चश्में, पर्स / वॉलेट, टोपी इत्यादि वर्जित है। उन्होनें बताया कि आवेदक के पास आयोग द्वारा निर्धारित किए गए फोटो परिचय पत्रों में से कोई एक मूल फोटो परिचय पत्र है। (केवल आधार कार्ड हेतु मूल प्रति की जगह छायाप्रति भी मान्य की जायगी) नि:शक्त परीक्षार्थियों को जिन्होंने सहायक लेखक की सुविधा प्राप्त की है उन्हें पृथक कक्ष में बैठाया जाएगा।
वार्षिक खेल समारोह का समापन
सीाहोर। स्थानीय आक्सफोर्ड उ.मा.वि. सीहोर में  21वां वार्षिक खेल समारोह का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री सुदेश राय, विशेष अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि श्री जसपालसिंह अरोरा और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सीहोर नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्षा श्रीमती अमिता अरोरा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीहोर के जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल कुमार वैद्य एवं लूर्द माता चर्च, सीहोर के फादर अजय इक्का उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरूआत में ईसाई महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं विद्यालय के संचालक जोली कुरियन और प्राचार्य श्रीमती बीना जे. कुरियन ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके पश्चात् बैंड ग्रुप द्वारा अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक परेड का अतिथियों को सलामी दी गई। इस अवसर पर सीहोर विधायक सुदेश राय ने जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आक्सफोर्ड विद्यालय पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी सदैव अग्रणी रहा है, जिसका परिणाम  यहां के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपना सर्वोच्च प्रदर्शन कर रहे हैं। नगरपालिका अध्यक्षा ने सीहेार को ग्रीन सिटी एवं क्लीन सिटी बनाने का आव्हान करते हुए कहा कि आप सभी लोगों के संयुक्त प्रयास से हम सीहोर नगर को एक अच्छे शहर का रूप प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता टीम एवं एकल वर्ग में विभिन्न विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किये गये। विद्यालय के राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों अभिजीत राठौर, कु. बुशरा खान गौरी, कु. अनुष्का वर्मा, अनुराग राठौर का अतिथियों द्वारा सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सैयद जावेद अली एवं कोपल अग्रवाल द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन विद्यालय की हेडगर्ल कु. अंकिता तिर्की द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम में शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों के साथ पालक उपस्थित रहे।  इस अवसर पर विद्यालय के संचालक  जॉली कुरियन ने सबको शुभकामनाएं दी।
एक दौड़ नशा मुक्ति की ओर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया मैराथन दौड़ का आयोजन
सीहोर ,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद युवाओं के प्रेरणा स्त्रोत स्वामी विवेकानन्द जी की 153 वी जयंती के उपलक्ष्य मे 21 जनवरी को आभाविप ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें सीहोर नगर के विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्रों ने मैराथन का दौड़ का हिस्सा बनकर नशामुक्त एवं पर्यावरण युक्त सीहोर बनाने का संकल्प लिया। सीहोर वासियों को यह संदेश दिया मेराथन दौड़ भोपाल नाके से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गो से होती हुई बालविहार मैदान पर समापन किया गया। इसमे मुख्य अतिथि के रूप मे सीहोर विधान सभा के विधायक सुदेश राय एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता जसपाल अरोरा ने की एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रिंस राठौर पार्षद अर्जुन राठौर, आशीष मेवाड़ा, सुदीप प्रजापति, विकास यादव, क्र.1 के प्राचार्य आरके बांगरे उपस्थित थे। समस्त अतिथियों ने विद्यार्थी परिषद की इस पहल को सराहा एवं विवेकानन्द जी के जीवन पर प्रकाश डाला। युवाओं को नशामुक्त एवं पर्यावरणयुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। इनमे मुख्य रूप से सुनील सिंह परमार, दीपक श्रीवास्तव, लोकेन्द्र राजपूत, अंकित राठौर, अमित राठौर ,पिंटू प्रजापति, मो0 बिलाल, सत्यम राठोर अक्षय दुबाने, आलेख राणा, शिवम टण्डन, एकांश सक्सेना, शुभम हाडा, यश अग्रवाल, नितेश राठोर, विरेंद्र राठोर, अंशुल भावसार, जीतेंद्र विश्वकर्मा,मुकेश परमार, प्रतीक राठोर, सोमेश अजेरिया, अक्षय राठोर आदि प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कौशल उदय सामान्य ज्ञान परीक्षा सम्पन्न, सेंकडो छात्र छात्राएं हुए शामिल
नीमच । समाज व् ग्रामीण क्षेत्र में छुपी हुयी प्रतिभा को निखारने हेतु मनासा विकास खण्ड में 20 जनवरी को संस्था - कौशल उदय द्वारा सामान्य ज्ञान कौशल उदय प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन रखा गया जिसमे मनासा विकास  खण्ड के 15 चयनित शासकीय विद्यालयो के कक्षा 8 के सेंकडो छात्र छात्राओ ने  परीक्षा दी।जिसमे 15 छात्र छात्राओ ने प्रथम स्थान, 15 छात्र छात्राओ ने द्वितीय स्थान तथा 15 छात्र छात्राओ ने तृतीय स्थान अर्जित किया है। संस्था कौशल उदय द्वारा सामान्य ज्ञान कौशल उदय प्रतियोगिता परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित करने वाले छात्र छात्राओ को आगामी 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को अतिथियों के करकमलो द्वारा प्रमाण पत्र व शील्ड प्रदान की जावेगी। संस्था कौशल उदय के राकेश पाटीदार, समरथगिर गोस्वामी, राधेश्याम बैरागी, अर्जुन पाटीदार, दीपक सोलंकी, विनोद राठौर, डॉ प्रहलाद सेन, गोकुलसिंह गुर्जर, राजेश तावड़ व गोपालदास बैरागी ने बताया की संस्था कौशल उदय का यह प्रथम प्रयास है जिसमे चयनित 15 विद्यालय शामिल थे। आगामी समय में संस्था द्वारा जल्द ही नि:शुल्क बेरोजगार मार्गदर्शन सेमीनार का आयोजन आयोजित किया जावेगा।
गौतम शाह विधायक प्रतिनिधि नियुक्त
सीहोर। विधायक श्री सुदेश राय ने सीहोर के शासकीय पीजी कालेज मे पत्रकार श्री गौतम शाह को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है, श्री शाह को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त होने पर युवा नेता राजकुमार जायसवाल,महेंद्र सिंह ठाकुर,धर्मेन्द्र यादव, सतीश बनव्यया,संजय राय,साजिद साह, संजय धीमान,जुगल किशोर,नवेद जाफरी, कवि छोकर ,मुकेश राय, प्रदीप यादव,मुनव्वर खान,भगवान सिंह चन्द्रवंशी शफीक लाला,आदि ने बधाई है,
पूर्व पार्षद हफीज़ चौधरी नगर पालिका में विधायक प्रतिनिधि रहेंगे
सीहोर।  विधायक श्री सुदेश राय ने पूर्व पार्षद हफीज़ चौधरी को नगर पालिका परिषद मे विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है, श्री चौधरी को विधायक प्रतिनिधि नियुक्त होने पर युवा नेता राजकुमार जायसवाल, इरफ़ान बेल्डर, दुलारे भाई, साबिर भाई, साजिद भाई, अमीन भाई, राशिद भाई, आरिफ भाई, अनीस भाई, अतीक भाई, वीरेन्द्र सलूजा, शफीक भाई, रशीद भाई, महेन्द्र मनकी ठाकुर, धर्मेन्द्र यादव, गौतम शाह, नवेद जाफरी, आदि ने बधाई दी है
रैन बसेरा नेहरू पार्क में धूम धाम से मनाया जायेगा नपाध्यक्ष का जन्मदिन  डे केयर सेन्टर का संचालन होगा प्रांरभ
सीहोर। नपाध्यक्ष श्रीमती  अमी ता जसपाल सिंह अरोरा के  जन्मदिवस अवसर पर नेहरू पार्क प्रांगण में 22 जनवरी 2016 शुक्रवार को दोपहर 3 बजे रैन बसेरा पर गणमान्य नागरिकों और आम नागरिकों की उपस्थिति में नपाध्यक्ष श्रीमति अरोरा का जन्मदिन धूम धाम से मनाया जावेगा। श्रीमती अरोरा के  जन्मदिन अवसर पर नगर पालिका द्वारा निर्माण किये गये रैन बसेरा पर बुजुर्गो की सुविधा अंतर्गत बुजुर्गो के मनोरंजन के लिए डे-केयर सेन्टर का भी नियमित रूप से संचालन होना प्रारंभ हो जावेगा। श्रीमति अरोरा नागरिकों से सौजन्य भेट करेगी।
पन्नी के रोकने नपा ने शुरु की मुहिम
दुकानों की जांच कर पन्नी की जब्त
सीहोर । प्रदेश को पॉलिथिन प्रदुषण से मुक्त करने प्रदेश सरकार द्वारा पॉलिथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की दिशा में लिये गये निर्णय के तहत् गुरुवार से नगर पालिका द्वारा अभियान चलाया गया। सीएमओ श्री अमर सत्य गुप्ता के निर्देश पर नपा के राजस्व निरीक्षक श्री दिनेश व्यास एवं अतिक्रमण प्रभारी श्री बंटी पारासर ने अमले के साथ नगर की दुकानों में तलाशी अभियान चलाया और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथिन जब्त की। दल के सदस्यों द्वारा सभी दुकान वासियों को प्रतिबंधित माईक्रोन वाली पन्नियों का उपयोग ना करने के लिये चैतावनी दी है। सीएमओ ने भी नगर वासियों से अपील की है कि वे पॉलिथिन में सामान लेकर ना आयें, इसकी जगह कपड़े के थेले व अन्य साधनों का उपयोग करें यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों का धरना प्रदर्शन
सीहोर। म0प्र0 ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ के प्रांत स्तरीय आव्हान पर सीहोर जिले के समस्त ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने गुुरुवार को एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर विकास खण्ड स्तर पर धरना प्रदर्शन किया जिसमे म0 प्र0 राज्य कर्मचारी संघ का पूर्ण समर्थन रहा अध्यक्ष श्री बी एल ठाकुर आष्टा ,सचिव श्री संतोष सिंह सीहोर, प्रांतीय प्रतिनिधी ने बताया कि हमारी प्रांत स्तर की नो सूत्रीय मांगों के समर्थन मे दिनॉक 5जनवरी 2016 को विकास खण्ड स्तर पर एस डी एम को एवं दिनॉक 15 जनवरी 2016 को कलेक्टर को ज्ञापन सोंपा गया था इसी तारतम्य मे आज अवकाश लिया गया एवं दो फरवरी 2016 को विधान सभा भवन भोपाल के समक्ष विशाल रेली एवं प्रदर्शन किया जाएगा हमारी प्रमुख मांगे है। यह प्रदर्शन माननीय उच्च न्यायालय के निर्णय अनुसार ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारीयों को सर्वेयर के समान वेतनमान दिया जावे, स्थायी यात्रा भत्ता 300/-रू0 से 1000/-रू0 किया जाने छत्तीसगढ के समान पदोन्नति हेतु 100 कोटा निर्धारित किया जाने की मांग को लेकर किया गया था।  इस अवसर पर श्री वी आर सिंह प्रांतीय प्रतिनिधि, संतोष सिंह जिला सचिव, पी एस ठाकुर जिला प्रतिनिधि, एम सी वर्मा ब्लाक कोषाध्यक्ष, सी एस उज्जैनियां ब्लाक अध्यक्ष, के वी जैन, प्रेम सिंह ठाकुर, एम एस मकवाना, एम एस गौर, के पी गौर, जी एस हडोतिया, केलाश कुमारे, एम के वडगुज, डी के सिसोदिया, के एन शर्मा, वी एल मेवाडा, राजेश शर्मा, एम ए सिद्दीकी, पी सी पाण्डेय, ओ पी सोनगरा सहित अनेक गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अरोरा ने किया नगर भ्रमण
जनहित में तेज सर्दी के मौसम को देखते हुए 35 वार्डो में जलाये जायेंगे अलाव
सीहोर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अमीता जसपाल सिंह अरोरा ने नागरिकों की समस्याओं के निराकरण अंतर्गत नगर भ्रमण किया भ्रमण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सत्य गुप्ता भी उपस्थित रहे। नपाध्यक्ष श्रीमति अरोरा ने जनहित में निर्णय लेते हुए तेज सर्दी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुये सम्पूर्ण नगरीय क्षेत्र के 35 वार्डो सहित सार्वजनिक स्थलों पर अलाब जलाने का निर्णय लिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमर सत्य गुप्ता ने स्वच्छता निरीक्षक दीपक देवगडे को निर्देशित करते हुए कहा कि शहर के 35 वार्डो में अलाव जलाने की व्यवस्था तत्काल प्रांरभ की जाए साथ ही शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जिला चिकित्सालय प्रांगण , बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन, एवं रैन बसेरा इत्यिादि  स्थलों पर भी अलाव जलाने की व्यवस्था तत्काल प्रांरभ की जावे। इस संबंध में समस्त वार्ड के पार्षदों को भी अवगत करा दिया गया है। ताकि जनहितेषी व्यवस्था का नियमित सफल संचालन हो सकें।
प्रायमरी स्कूलों की बेहतरी के लिये "प्रणाम पाठशाला कार्यक्रम चलेगा
राज्य शासन ने प्रदेश की प्रायमरी शालाओं की बेहतरी के लिये सभी जिला कलेक्टर को 'प्रणाम पाठशाला'' कार्यक्रम के संचालन के निर्देश दिये हैं। शासन का मानना है कि व्यक्ति को अपनी प्राथमिक शाला से गहरा लगाव होता है। इससे उनके द्वारा अपनी प्राथमिक शाला के कल्याण के लिये कुछ कार्य करवाये जा सकते हैं। हालांकि प्राथमिक शिक्षा अभियान के लोक-व्यापीकरण में प्राथमिक शालाओं को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध करवायी गयी हैं। फिर भी शिक्षा की गुणवत्ता की दृष्टि से प्राथमिक शालाओं में और अधिक सुविधाओं की आवश्यकता बनी रहती है। शाला प्रबंधन समिति स्थानीय स्रोतों से आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकती है। समिति के सदस्यों और संबंधित शाला के शिक्षकों द्वारा उस शाला में पढ़े हुए नागरिकों से वर्ष में एक बार शाला में आने के लिये अनुरोध किया जायेगा। ऐसे व्यक्ति के शाला में पहुँचने पर उन्हें शाला की आवश्यकताओं के बारे में बताया जायेगा। साथ ही उन्हें स्वेच्छा से अपनी क्षमतानुसार सहयोग के लिये प्रेरित भी किया जायेगा।
जिला विज्ञान मेला 30 जनवरी तक लगाने के निर्देश
राज्य शासन ने जिला शिक्षा अधिकारियों और डीपीसी को अपने-अपने जिलों में 30 जनवरी तक विज्ञान मेला लगाने के निर्देश दिये हैं। मेला पिछले साल की तरह ही होगा। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में होने वाले विज्ञान मेला/प्रदर्शनी में प्रत्येक शासकीय हाई/हायर सेकेण्डरी स्कूल से चुना हुआ एक विद्यार्थी और एक मार्गदर्शी शिक्षक भाग ले सकेगा।
भारतीय स्टाम्प अधिनियम की अनुसूची-1 में संशोधन प्रभावशील
 अब रिवाल्वर एवं पिस्तोल के लायसेंस पर 5000 रुपये और इनसे भिन्न हथियारों के लायसेंस पर 2000 रुपये स्टाम्प शुल्क देय होगा
 विज्ञापन से संबंधित करार पर प्रतिफल की रकम का 0.25 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क देय होगा
भारतीय स्टाम्प अधिनियम-1899 की अनुसूची-1-क में अनेक संशोधन प्रभावशील किये गये हैं
विज्ञापन से संबंधित करार पर प्रतिफल की रकम का 0.25 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क देय होगा। स्टाम्प शुल्क की यह राशि न्यूनतम 500 रुपये और अधिकतम 25 हजार रुपये होगी। वर्क कांट्रेक्ट पर भी प्रतिभूति रकम का 0.25 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क देय होगा। यह राशि भी न्यूनतम 500 और अधिकतम 25 हजार रुपये होगी। विक्रय प्रमाण-पत्र पर अब सम्पत्ति के बाजार मूल्य अथवा खरीद राशि, जो भी अधिक हो, के मान से स्टाम्प शुल्क देय होगा। पहले शुल्क केवल खरीद राशि के अनुसार देय था। लीज की अवधि 5 वर्ष से अधिक किन्तु 10 वर्ष तक, 10 वर्ष से अधिक किन्तु 20 वर्ष तक और 20 वर्ष से अधिक किन्तु 30 वर्ष से अधिक होने पर स्टाम्प शुल्क की पहले प्रचलित दर को आधा कर दिया गया है। इस अवधि की लीज के लिये क्रमश: 0.5 प्रतिशत, एक प्रतिशत और 2 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क देय होगा। लीज के अनुच्छेद की भाषा को भी आम जनता के लिये सरल बनाया गया है। माइनिंग लीज के लिये अलग प्रावधान किये गये हैं। इसके अनुसार माइनिंग लीज के अधीन देय पूरी रकम का 0.75 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क लिया जायेगा। नगर पालिक निकाय द्वारा या उसकी ओर से निष्पादित पट्टे के मामले में भी दस्तावेज में दिखाया गया मूल्य ही स्टाम्प शुल्क लगेगा। अब तक यह शुल्क बाजार मूल्य के अनुसार देय था। लीज एवं लायसेंस अथवा कंडक्टिंग लायसेंस के दस्तावेज, यदि अचल सम्पत्ति से संबंधित और पट्टे की प्रकृति के हों, तो वे पट्टा विलेख माने जायेंगे। अब रिवाल्वर एवं पिस्तोल के लायसेंस पर 5000 रुपये और इनसे भिन्न हथियारों के लायसेंस पर 2000 रुपये स्टाम्प शुल्क देय होगा। इन लायसेंसों के नवीनीकरण पर क्रमश: 2000 तथा 1000 रुपये स्टाम्प शुल्क देय होगा।
कल श्रीमति अरोरा का जन्मदिन, अनेक कार्यक्रम होंगे
सीहोर। नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमति अमीता जसपाल अरोरा का जन्मोत्सव 22 जनवरी को भव्य रूप से मनाया जायेगा।  प्रात: 9 बजे घर पर पूजन पाठ करने के बाद आप सीधे गणेश मंदिर पहुॅचेगी जहॉ गरीबों को कंबलों का वितरण किया जायेगा। यहॉ के बाद हनुमान फाटक में दर्शन करेंगी। गुरुद्वारा में पाठ साहिब रखा गया है जिसमें उपस्थित होंगी। इसके बाद शासकिय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जन्म दिवस पर पौधारोपण का कार्यक्रम करीब 11 बजे रखा गया है। दिन में अध्यक्ष निवास पर अनेक आयोजन रखे गये हैं। जिसमें बड़ी संख्या में श्रीमति अरोरा समर्थक पहुॅचेंगे शाम 6 बजे एक भजन संध्या का आयोजन भी रखा गया है। जिसमें सभी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।


0 comments:

Post a Comment